बुधवार, 23 नवंबर 2022

साधुओं की आज्ञा मानकर रानी ने अपने पुत्र रतन कुंवर को आवाज लगाई।

            राजा  मोरध्वज की कथा

महाभारत युद्ध की समाप्ति के बाद अर्जुन को बहम हो गया कि,श्रीकृष्ण का सर्वश्रेष्ठ भक्त मैं ही  हूं।

अर्जुन सोच रहे थे,कि कन्हैया ने सवंय सार्थी बन कर मेरा रथ चलाया,और मेरे साथ रहे। इसलिये मैं ही भगवान का सर्वश्रेष्ठ भक्त हूँ।अर्जुन को क्या मालूम था कि वह तो केवल भगवान श्रीकृष्ण के "धर्म स्थापना अभियान" का जरिया मात्र था।

भगवान् श्रीकृष्ण जानते थे कि,अर्जुन को मेरा सर्वश्रेष्ठ भक्त होने का भ्रम हो गया है। इसीलिये भगवान श्रीकृष्ण अपनी लीला के माध्यम से उसका गर्व तोड़ने के लिये एक दिन उसे भ्रमण हेतु अपने साथ ले गए।

श्रीकृष्ण ने स्वयं का और अर्जुन का जोगियों का वेश बना लिया और वन से एक शेर साथ में ले लिया।चलते -चलते भगवान् श्री कृष्ण राजा मोरध्वज के द्वार पर पहुंच गये।

राजा मोरध्वज,भगवान् विष्णु के परम-भक्त थे,तथा बहुत ही दानी और आवभगत वाले थे। अपने दर पर आये किसी भी व्यक्ति अथवा अथिति को वो खाली हाथ और बिना भोजन किये नही जाने देते थे।जोगी वेशधारी कृष्ण भगवान ने अलख जगाई।

दो साधुओं को एक शेर के साथ द्वार पर आये देखकर राजा मोरध्वज नंगे पांव दौड़ के द्वार पर गए, और भगवान के तेज से नतमस्तक हो आतिथ्य स्वीकार करने के लिये प्रार्थना की।

भगवान श्रीकृष्ण ने राजा मोरध्वज से कहा,"हे राजन् हम आपकी मेजबानी तब ही स्वीकार करेंगे, जब आप हमारी शर्त स्वीकार करें।"

राजा ने जोश से कहा," महाराज! आप जो भी कहेंगे,मुझे सहर्ष स्वीकार होगा।

"भगवान श्रीकृष्ण ने कहा, "हम तो ब्राह्मण हैं, कुछ भी खा लेंगे, परन्तु हमारा यह शेर 'नरभक्षी' है,और केवल मांस भक्षण करता है। इसलिये यदि आप अपने इकलौते बेटे को,अपने हाथों द्वारा आरी से चीरकर इस शेर को खिला सको, तो ही हम तुम्हारा आतिथ्य स्वीकार करेंगे।

परंतु ध्यान रहे, तुम दोनो की आँखो में आँसू नही आने चाहिए।भगवान् श्रीकृष्ण की शर्त सुनकर, राजा मोरध्वज के होश उड़ गए। फिर भी राजा अपना आतिथ्य-धर्म नहीं छोडना चाहता था।

उसने भगवान से कहा," प्रभु ! मुझे मंजूर है, परंतु एक बार मैं अपनी पत्नी से पूछ लूँ।"

भगवान श्रीकृष्ण से आज्ञा पाकर राजा महल में गया तो, राजा का उतरा हुआ मुख देख कर पतिव्रता रानी ने निराशा का कारण पूछा।

राजा ने जब रानी को सारा हाल कह सुनाया तो, उसकी भी आँखों से अश्रु बह निकले। फिर भी उसने गर्व के साथ राजा से कहा,"हे स्वामी!आपकी आन् पर मैं अपने सैंकड़ों पुत्र कुर्बान कर सकती हूँ।

आप साधुओ को आदरपूर्वक अंदर ले आइये।" अर्जुन ने भगवान से पूछा," माधव ! ये क्या माजरा है ? आप ने ये क्या मांग लिया ?

कृष्ण बोले,"अर्जुन! तुम चुप रहो और देखते जाओ। राजा तीनों को अंदर ले आये और भोजन की तैयारी शुरू कर दी। भगवान् श्रीकृष्ण और अर्जुन को छप्पन भोग परोसा गया। परंतु अर्जुन के गले में तो भोजन उत्तर ही नहीं रहा था। राजा ने स्वयं जाकर अपने पुत्र को तैयार किया। पुत्र अभी तीन वर्ष का था और नाम था रतन कुँवर। रतन कुँवर भी अपने मात-पिता का भक्त था। भगवान् श्रीकृष्ण ने भोजन ग्रहण कर लिया था। राजा-रानी ने आरी लेकर,अपने हाथों से पुत्र के दो  टुकड़े किये और शेर को परोस दिया। पुत्र रत्न कुंवर ने बिना उफ़ किये खुशी-खुशी अपने प्राण त्याग दिये। परन्तु अपने पुत्र के दो टुकड़ों में विभाजित शरीर को देख कर रानी अपने आँसुओ पर नियंत्रण न रख सकी। परिणामस्वरूप भगवान् श्री कृष्ण क्रोधित हो गये और रुष्ट होकर, जाने लगे तो राजा-रानी ने साधू वेशधारी प्रभु के चरण पकड़ लिये और रूकने के लिये मिन्नतें करने लगे। अब तक अर्जुन को भी आभास हो गया था कि भगवान मेरे ही अभिमान को तोड़ने के लिए ये सब कर रहे हैं। अतः वह स्वयं भगवान के चरणों में गिरकर विनती करने लगा और कहने लगा," हे प्रभु मेरी आँखें खुल गई हैं।आप ने मेरे झूठे अभिमान को तोड़ दिया है। राजा रानी के बेटे को उनके ही हाथों से मरवा दिया और अब रूठ के जा रहे हो? यह कदापि उचित नही है। प्रभु ! मुझे माफ़ कर दो और इन भक्तों का भी कल्याण करो।

तब केशव ने अर्जुन का घमंड टूटा जान, राजा-रानी के सर पर हाथ रक्खा और कहा," उठो रानी! अपने पुत्र रत्न कुंवर को आवाज देकर यहां बुलाओ।"

रानी ने सोचा पुत्र तो मर चुका है,और शेर के उदर में समा चुका है। अब इसका क्या मतलब !!

वह बोली, " हे ब्राह्मण देव! पुत्र तो आप के शेर के उदर में समा चुका है। अब यह कैसे संभव हो सकता है? साधू रूपी श्री कृष्ण बोले,"देवी! एक बार मुझ पर विश्वास करके मेरी आज्ञा का पालन तो करो।"

साधुओं की आज्ञा मानकर रानी ने अपने पुत्र रतन कुंवर को आवाज लगाई।

कुछ ही क्षणों में चमत्कार हो गया। मृत रतन कुंवर, जिसका शरीर शेर ने खा लिया था, वो हँसते हुए दौड़ा-दौड़ा आया और अपनी माँ से लिपट गया।.                                                  <script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-7477963165545207"
     crossorigin="anonymous"></script>

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे