सावंत ओफिस काम करने जाता था और उसकी पत्नी बिन्दु घर का काम करती थी। पति-पत्नी दोनों ही गरम स्वभाव के थे। थोड़ी थोड़ी बात पर दोनों मे ठन जाती थी। कभी कभी तो बिन्दु का बना बनाया खाना भी बेकार हो जाता था।
एक दिन बिन्दु अपनी पड़ोसन के घर गई। वहां उसे सयानी पड़ोसन मिली। बातों बातों मे सावंत की घरवाली बिन्दु ने सयानी पड़ोसन को बताया कि मेरे घरवाले का मिजाज बहुत चिड़चिड़ा है वे जब तब मेरे से लड़ते ही रहते हैं। कभी कभी इससे हमारी बनी बनाई रसोई बेकार चली जाती है। सयानी पड़ोसन ने कहा यह कोई बड़ी बात नहीं है। ऐसा तो हर घर मे होता रहता है। मेरे पास इस की एक अचूक दवा है। जब भी कभी तेरा घरवाला तेरे साथ लड़े, तब तुम उस दवा को अपने मुंह मे रख लेना, इस से तुम्हारा घरवाला अपने आप चुप हो जाएगा। सयानी पड़ोसन अपने घर के अन्दर गई, एक शीशी भर कर ले आई और उसे दे दी।
सावंत की घरवाली बिन्दु ने घर आ कर दवा की परीक्षा करनी शुरू कर दी जब भी सावंत उस से लड़ता था वह दवा मुंह मे रख लेती थी। इस से काफी असर दिखाई दिया। सावंत का लड़ना काफी कम हो गया था। यह देख कर वह काफी खुश हुई। वह ख़ुशी-ख़ुशी सयानी पड़ोसन के पास गई और कहा आप की दवाई तो कारगर सिद्ध हुई है, आप ने इस मे क्या क्या डाला है जरा बता देना, मे इसे घर मे ही बना लूँगी। बार बार आप से मांगने आना बुरा लगता है।
इस पर सयानी पड़ोसन ने जवाब दिया की जो शीशी मैंने तुम्हे दी थी उस मे शुद्ध जल के सिवाय कुछ भी नहीं था। तुम्हारी समस्या का हल तो तुम्हारे चुप रहने से हुई है। जब तुम दवा यानि की पानी को मुंह मे भर लेती थी तो तुम बोल नहीं सकती थी और तुम्हारी चुप्पी को देख कर तुम्हारे घरवाले का भी क्रोध शांत हो जाता था।
इसी को "एक चुप सौ सुख" कहते हैं।
सयानी पड़ोसन ने सावंत की घरवाली बिन्दु को सीख दी की इस दवा को कभी भूलना मत और अगर किसी को जरूरत पड़े तो आगे भी लेते रहना।
सावंत की घरवाली बिन्दु ने सयानी पड़ोसन की बात को गांठ बांध लिया और ख़ुशी-ख़ुशी अपने घर वापिस आ गई।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे