बुधवार, 25 जनवरी 2023

संस्कृत के श्लोकों का ऐसा शुद्ध उच्चारण और कंठस्थ होना।


  बहू  मेरा कोई पैंट सर्ट प्रेस नहीं है क्या? बहू ने कहा की धोबिन के यहाँ प्रेस करने को दी है, अभी मंगवाती हूँ!मैने कहा की परेशान मत हो मैं ही जाकर ले आता हूँ,एन ब्लाक मे ही तो रहती है कह पैरों मे लोवर डाल फ्लैट से बाहर निकल गया! 
     
 
 मन मे गायत्री मंत्र  जपते  धोबिन की दुकान पर पहुँच गया! एक कमरे का फ्लैट है  उसका ग्राउंड फ्लोर पर ! फ्लैट के हाल मे एक बड़ी सी मेज उसकी दुकान थी! फाटक पर पहुँच आवाज लगाने जा ही रहा था कि पूजा की घंटी  के साथ शुद्ध  विष्णुसहस्रनाम का पाठ सुन मेरा कंठ अवरुद्ध हो गया! शुक्लांवरधम् विष्णुम् शशिवर्णम् चतुर्भुजम्----! आधे घण्टे तक मंत्रमुग्ध हो सुनता रहा! जब मंत्रों की आवाज बंद हुई तब आवाज लगायी! 
      

दरवाजा उसी ने खोला था! नमस्ते साहब कह उसने हाथ जोड़े! उसे देख ऐसा लगा जैसे कोई तपस्विनी तपस्या से उठकर आई हो! अनायास मेरे भी दोनों हाथ जुड़ गये! मैंने प्रेस कपड़े देने को कहा! उसने कहा आप चलिए मैं आपके फ्लैट पर ही लेकर आती हूँ! 
      

यह औरत आज मुझे रहस्यमयी लगने लगी है! उम्र कोई पचपन साठ साल की! ऐसे ही एक दिन शाम को कपड़े लेने के लिए इसकी दुकान पर शाम के समय चला गया था! उस समय यह अपने किशोर पोते को त्रिकोणमिति के sin, cos, tan, sec, cosec, cot का मान निकालना पढा रही थी!उसके पढाने का तरीका देख ऐसा लगा जैसे कोई अच्छी पढी लिखी प्रशिक्षित अध्यापिका पढा रही हो! मुझे उसके बारे मे जानने की प्रबल उत्सुकता जाग उठी है! 
  
  

मन मे कोई चाह जगे तो वह किसी न किसी रूप मे पूरी हो जाती है!जाड़े मे रोजाना धूप सेंकने की आदत हो गयी है!चार पांच सेवानिवृत्त लोगों की टोली बन गयी है एक एक करके लोग ग्यारह बजे तक इकट्ठा होते हैं! और एक बजने के बाद एक एक कर चले जाते हैं! आज सभी के चले जाने के बाद मैं बैठा था! सामने से गुजरते हुए उसने मुझे नमस्कार कहा! आओ बैठो कभी आराम भी तो कर लिया करो! 

आप मुझसे कुछ पूछना चाहते हैं? नहीं, हां बैठ जाओ मुझे तुम्हारे बारे मे जानने की उत्सुकता है! क्या जानना चाहते हैं, मुझे जानते तो है आप! मैं आपके सोसाइटी मे रहने वाली धोबिन हूँ! आप सबके कपड़े धो प्रेसकर अपना और अपने परिवार का पेट पालती हूँ! हाँ आप मेरे परिवार के बारे मे नहीं जानते शायद तो बता दूँ एक बेटा है जो फौज मे अधिकारी है! बहू है एक पोता है जो हाईस्कूल मे पढता है! बहू पोता मेरे साथ ही रहते हैं! बेटा नहीं चाहता कि अब मैं कपड़े धोने प्रेस करने का काम करूँ मगर मैंने कह दिया जबतक ताकत है करूंगी! जिसने बुरे समय मे साथ दिया उसे ऐसे कैसे छोड़ दूँ! चलती हूँ साहब कपड़े प्रेस करने हैं! जाओ मगर मैं तुम्हें जानना था तुम तो परिवार के बारे बताकर चल दी! वह मुझे अजीब नजरों से देखती चली गई! 
      


अगले दिन पार्क मे अकेले बैठा था तभी आकर उसने नमस्कार किया!नमस्कार, बैठो कैसी हो? ठीक हूँ आप मेरे बारे मे क्या और क्यों जानना चाहते हैं! वैसे ही तुम मुझे एक पहेली जैसी लगी तुम्हे सूचना चाहता हूँ! वह मुस्कुरा कर बोली कैसी पहेली कैसा सूचना? वही एक औरत का विष्णुसहस्रनाम के सस्वर पाठ और साइन, कास, टेन यानि कि त्रिकोणमितीय ज्ञान का रहस्य! ओहो अरे साहब जी मैं अपने जमाने की पी सी एम ग्रेजुएट हूँ! मैं अपने पोते को फिजिक्स केमेस्ट्री मैथ अंग्रेजी सब पढाती हूँ! मेरा पढाया मेरा बेटा फौज मे कर्नल है! रही विष्णुसहस्रनाम का सस्वर और शुद्ध पाठ करने की बात तो क्या एक औरत वह भी निम्न जाति की को ऐसा करने की मनाही है? 
   

 
मेरी जुबान पर जैसे ताला लग गया था! बहुत मुश्किल से बोल पाया नहीं ऐसी कोई बात नहीं!फिर भी मुझे आपका संस्कृत के श्लोकों का ऐसा शुद्ध उच्चारण और कंठस्थ होना मुझे असाधारण लग रहा है! मुझे तो हनुमान चालीसा भी भूल जाता है! 
      

 थोड़ी देर तक वह सिर झुकाये सोच मग्न बैठी रही, जैसे मन की गांठे खोलूं या ना खोलूं का निर्णय ले रही हो! कुछ देर के बाद बोली ओआरएस घोल के बारे मे जानते हैं आप? हाँ क्यों नहीं नमक और चीनी के घोल को कहते हैं जीवनदायिनी है यह तो! तो मुझे ओआरएस ही समझिये!पूजा पाठ वेदों का ज्ञान रखने वाली ब्राह्मण पुत्री और फिजिक्स मे डाक्टरेट की डिग्रीधारी नास्तिक पिता की संतान हूँ मैं! प्रेम विवाह था दोनों का! एक दूसरे से उलट स्वभाव के बावजूद एक दूसरे से बेपनाह मोहब्बत करने वाले दम्पति की संतान हूँ मैं!दोनों का ज्ञान व स्वभाव बिरासत मे मिला है मुझे! माँ के मृत्यु के उपरांत पिता को मां के पूजा घर मे बैठ घंटों पूजा करते देखा है मैंने! 
      


साहब पिताजी ने मेरी शादी उस जमाने मे एक आईआईटीएन लड़के से की! मगर वह केवल पैसे कमाने की मशीन निकला! शराब और शबाब के शौकीन उस दुष्ट ने मुझे अपने दोस्तों को परोसना चाहा! लात मार कर चल दिया मैंने! पिता के घर पहुंची तब पता चला घर को बेचकर ही उन्होंने मेरी शादी की थी! शादी के बाद वह पता नहीं कहाँ चले गये! 
 


 साहब पेट मे मेरा यही फौजी बेटा था! मरने की कोशिश की तो एक धोबी और धोबिन ने मुझे बचाया और आज जो फ्लैट और नाम देख रहे सब उन्हीं का दिया हुआ है! जाती हूँ मेरा बेटा एक दो दिन मे आने वाला है उससे जरूर मिलाऊंगी,एक दम मेरे पर गया है, विष्णुसहस्रनाम उसे भी कंठस्थ है! क्या कहकर पुकारूँ  इस देवी को? मन ने कहा "ओआरएस"!


                        जयश्री कृष्ण



   https://www.myexcelsuper.com

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे