शनिवार, 21 जनवरी 2023

वारिस लड़का हो या लड़की

मेरा नाम कुमार है और मेरी पत्नी का नाम ममता है हमारी शादी 1992में हुई । माता-पिता ने ही शादी तय की थी । घर का बड़ा बेटा होने के कारण शादी के एक साल के बाद से ही माँ कहने लगी कि कुमार आ जाए तो अच्छा है । कुमार कहते ही लोगों की सोच में लड़के की छवि आ जाती है पर मुझे लड़की बहुत पसंद है । मेरी एक ही बहन है और जब मैं छोटा था तब ही उसकी शादी हो गई थी और वह ससुराल चली गई थी । इसलिए मुझे लड़की की कमी बहुत महसूस हुआ करती थी । जहाँ देखो वहीं पेंट शर्ट दिखाई देते थे लगता था कि कहीं पर तो सलवार क़मीज़ दिखे । 






ईश्वर ने शायद माँ की बात सुन ली और ममता के पैर भारी हो गए ।मुझे लगता था कि लड़की हो माँ सोचती थी कि लड़का हो ख़ैर सही समय पर ममता ने बहुत ही सुंदर लड़की को जन्म दिया ।माँ पहली बच्ची है इसलिए खुश हो गई कि कोई बात नहीं अगली बार लड़का ही होगा । मैं खुश था क्योंकि मेरी बेटी बहुत ही सुंदर थी छब्बी चिक्स की राइम की तरह !! 








उसका नाम मैंने परणिता रखा और उसे परी कहकर पुकारा करता था । उसके साथ मैं ख़ूब खेलता था । दो साल बाद फिर ममता माँ बनने वाली थी इस बार माँ को लड़का ही चाहिए था पर होनी को कौन टाल सकता था मेरी फिर लड़की हो गई । मैं तो खुश था कि दोनों बहनें एक दूसरे के लिए सहारा बन जाएँगी । उसका नाम मैंने सुहासिनी रखा । मेरे लिए तो दोनों दो आँखें थीं । बेटियाँ होती ही ऐसी कि हमेशा मेरे आगे पीछे घूमती थीं । मैं भी उन्हें अपने कंधों पर बिठाकर घुमाता था । माँ ने कहा कि देख कुमार तू कितना भी बेटियों के लिए कर ले पर बेटियाँ पराई ही होती हैं । 







मेरी बात मान ले एक बार और प्रयास कर इस बार तुझे लड़का ही होगा मेरा मन कह रहा है । हम दोनों की इच्छा तो नहीं थी पर माँ की बात टाल नहीं सके और रमा फिर माँ बनने वाली थी । इसी बीच एक दिन मेरी चचेरी बहन मेरे घर आई जिसके बच्चे नहीं थे । इसलिए उसने और मेरे चाचा ने मुझे समझाना शुरू किया कि तू प्राइवेट कंपनी में काम करता है तीन तीन बच्चों को कैसे पालेगा इसलिए अगर तेरी तीसरी भी बच्ची हुई तो मुझे दे दे मैं पाल लूँगी तेरी दोनों बेटियों की शादी में तेरी मदद भी कर दूँगी । चाचा ने जो बात कही उससे मेरा दिल बहुत दुखी हुआ कि अपने ऐसी बात कैसे कह सकते हैं । 







उन्होंने कहा क्या हो जाएगा के पापा के बदले में मामा बुलाएगी तुझे । मुझे ऐसा लगा जैसे वे मेरी धज्जियाँ उड़ा रहे हैं कि तू अपने बच्चों की परवरिश कर ही नहीं सकता है । मैंने फ़ैसला किया कि मेरी तीसरी बार भी लड़की हुई तो भी मैं अपने बच्चों को किसी को भी नहीं दूँगा क्योंकि मेरे ख़याल से अपने बच्चे को किसी और के हाथों में सौंपना बहुत ही मुश्किल का काम है । 








सही समय पर ममता ने लड़की को जन्म दिया जिसका नाम मैंने सौम्या रखा है । माँ सर पकड़ कर बैठ गई कि मेरी ज़िद के कारण तुझे तीन तीन लड़कियों का बोझ उठाना पड़ेगा पर मैंने उन्हें कभी बोझ समझा ही नहीं । 
ममता के या मेरे घर के संस्कार ही समझें कि मेरी तीनों बच्चियाँ एकदम सुंदर और सुशील निकलीं । कभी भी किसी भी वस्तु के लिए या कपड़ों के लिए ज़िद नहीं करतीं थी ।जो मिल जाता था ले लेती जो मिल जाता पहन लेती थीं ।








 ममता भी स्कूल में पढ़ाती थी ।मैं भी नौकरी करता था धीरे-धीरे मेरी बच्चियाँ बड़ी होने लगी परणिता ने इंजीनियरिंग किया और नौकरी करने लगी । सुहासिनी ने बी बी ए किया और नौकरी पर लग गई ।सबसे छोटी बहन की देखभाल दोनों बड़ी बहनें कर लेती हैं । जिन लोगों ने हम पर छींटाकशी की थी । उनके मुँह थोड़ी बंद हुई पर बच्चों की शादी की चिंता हमें नहीं दूसरों को ज़्यादा सता रही थी ।इसलिए सब लोग चिंता में आलतू फ़ालतू रिश्ते ला रहे थे । 








मैं टस से मस नहीं हुआ मुझे मालूम था कि मेरी बच्चियों की क़िस्मत ज़रूर अच्छी होगी ।आप लोगों को विश्वास नहीं होगा एक दिन मेरी परी के लिए रिश्ता आया सी ए किया हुआ लड़का था । वे लोग दो भाई थे यह बड़ा लड़का था । प्रवीण अच्छी कंपनी में काम कर रहा था और बिना दहेज लिए ही उसने मेरी परी से शादी करने की माँग की ।मैंने ख़ुशी ख़ुशी उसकी शादी धूमधाम से कर दिया । दूसरे ही साल मेरी दूसरी बेटी सुहासिनी के लिए भी एम टेक करके इंजीनियरिंग कॉलेज में लेक्चरर था सुहास उसके घर से रिश्ता आया और उसकी शादी भी मैंने धूमधाम से कर दिया ।










 इस तरह मेरी दोनों बेटियों को अच्छा ससुराल और अच्छे पति मिले । तीसरी लड़की छोटी है दोनों बहनों और जीजाओं की लाड़ली बी काम अपनी बड़ी बहन के घर पर रहकर कर रही है । जिन लोगों ने मुझे तीन तीन लड़कियों का बेचारा पिता कहा आज उन सबके मुँह बंद हो गए । ईश्वर को मेरी ख़ुशी मंज़ूर नहीं थी इसलिए तीन साल पहले मेरी दोनों किडनी ख़राब हो गई हायली डायबिटीज़ के कारण अब मुझे डायलिसिस पर रहना पड़ रहा है कंपनी से जॉब छूट गया । 








घर के ख़र्च डयालसिस का खर्च सब मेरे लिए मुश्किल हो रहा था और मैं गर्व के साथ कहूँगा कि मेरी बड़ी बेटी मेरा बड़ा बेटा बनकर मेरे खर्चे उठा रही है । मैं ईश्वर का शुक्र गुज़ार हूँ कि मेरी बेटियाँ ही हैं  जो मेरी देखभाल एक लड़के से बढ़कर करती हैं । मैं अपने दोनों दामादों और उनके परिवार वालों का भी शुक्रगुज़ार हूँ कि उन्होंने अपनी बहुओं को अपने माता-पिता की देखभाल करने पर नहीं रोका । 


अब बताइए दोस्तों वारिस लड़का हो या लड़की ? हर लड़की अपने सास ससुर की अच्छी देखभाल करे तो किसी के भी माता-पिता दुखी नहीं रहेंगे । इसलिए वारिस लड़का ही नहीं लड़की भी हो सकती है । सिर्फ़ हमारी सोच में बदलाव लाना है ।
   https://www.myexcelsuper.com

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे