बुधवार, 1 फ़रवरी 2023

मृत्यु के भय से दूर हर दिन जीवन पर्व मनाइए।

एक दिन को आप जीवन का अंतिम दिन मान कर देखिए।जो कुछ करना है, आज ही अंतिम अवसर है- ऐसा समझ कर जो कुछ करेंगे ,वह अद्भुत होगा। जीवन का श्रेष्ठतम आज कर लीजिए, यही दिवस की व्याख्या है,लेकिन मानव का दुर्भाग्य है कि संत वचन को झुठला कर केवल कल की योजना बनाता है। यद्दपि कल की योजना बनाना आज के सबसे उपयोगी दिवस में सम्मालित किया जा सकता है, परंतु यह अंतिम कार्य होना चाहिए। दिन की समाप्ति का अंतिम विचार कह सकते हैं। उसके ठीक पहले कोई विचार नहीं, केवल कर्म होना चाहिए। दिनभर में सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य संपादित किया जाना श्रेष्ठ जीवन पद्धति है।



यह आज का जो दिन है यही जीवन है। शेष न कोई जीवन है, न उसका महत्व। लोग प्रायः भूत और भविष्य के भंवर में गोते लगाते हुए वर्तमान को भी गवाते फिरते है। लोग आशंकाओं और संदेहों के बीज बोने में पूरा दिन व्यर्थ कर देते हैं। लोग चिंता और अनुमानों के सहारे संपूर्ण जीवन व्यतीत करना चाहते है, लेकिन यह वृत्ति अत्यंत भ्रामक है। इससे हर एक प्राणी को उबरना चाहिए। अन्यथा आज की दौड़ में पिछड़ जाएंगे। आज ही काज है,बाकी अकाज है। जिस मानव ने आज का दिन नहीं जिया ,वह दरिद्र। है। वर्तमान ही जीवन अमृत है,शेष मृत है।




जीवन दिवस को गले लगाइए,स्वागत कीजिए। आज को संपूर्ण जीने का मनोबल होना ही सर्वेत्तम। उपलब्धि है। सकारात्मक सोच,सार्थक विचार और सजग बुद्धि से वर्तमान में स्थिर होना लौकिक सुख से अलौकिक आनंद की ओर ले जाता है। पल -पल जीवन को जीने का उत्साह ,उमंग एवं उन्माद को जिजीविषा से जुड़ना चाहिए। यही सब लोगों के जीवन का लक्ष्य बन सकता है। अन्यथा घुट-घुट कर जीना तो मरने के समान है। इसलिए मृत्यु के भय से दूर हर दिन जीवन पर्व मनाइए।


                         हरि ओम्

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे