सोमवार, 10 अक्टूबर 2022

सफलता के लिए

सफलता के लिए प्रतिबद्धता बहुत जरुरी है

सफलता के अंतिम पायदान पर पहुंचने के लिए यह महत्वपूर्ण है कि हर दिन आप में क्या बदलाव हो रहा है, आप में हर दिन कितना विकास हो रहा है। इस बात को अच्छी तरह समझ लें की विकास अचानक नहीं होता और यह कोई स्वचलित प्रक्रिया भी नहीं है। यह रोज और धीरे धीरे होने वाली प्रक्रिया है। इंसान में हर दिन थोड़ा-थोड़ा बदलाव होता है, थोड़ा-थोड़ा विकास होता है। हमें इस बात को समझना जरूरी है कि हमारे अंदर कितना विकास हो रहा है, सफलता की मंजिल और हमारे बीच की दूरी कम हो रही है या नहीं। अपने अंदर के विकास का ख्याल रखने के लिए हमें अपनी क्षमता का अहसाह होना चाहिए और अपनी क्षमता पर विश्वास करना चाहिए। एक मशहूर डॉक्टर के पास एक दिन 14 साल का बच्चा आया जिसका एक हाथ कटा हुआ था। बच्चे ने डॉक्टर से कहा कि वह अपनी किसी समस्या को लेकर बात करना चाहता है। डॉक्टर ने उसके कटे हाथ को देखकर कहा कि तुम अपाहिज हो, तुम्हें बहुत कष्ट होता होगा। बच्चे ने तुरंत जवाब दिया मैं अपाहिज नहीं हूं, मेरा सिर्फ एक हाथ ही कटा हुआ है बस। डॉक्टर ने जब बच्चे के बारे में पता किया तो यह जानकर आश्चर्यचकित हो उठा कि वह बच्चा अपने स्कूल का सबसे अच्छा फुटबॉल का खिलाड़ी है। बाद में वह बहुत बड़ा फुटबॉल खिलाड़ी भी बना। 
*हमारी सबसे बड़ी विकलांगता होती है हमारी सोच।* हम अपनी क्षमता को पहचान नहीं पाते। सपनों को पूरा करने के लिए प्रयास करने की जगह सपनों के पूरा होने का इंतजार करते हैं। 
_हमारी जो क्षमता है, ताकत है और जो हमारा विजन है उसके बीच गैप बनाए रखते हैं।_ क्षमता होने के बावजूद खुद को नहीं पहचान पाने के कारण अपनी योजना पर काम नहीं कर पाते। सफल होने के लिए जरूरत है अपने विजन और अपनी क्षमता के बीच के गैप को भरने की।

 अपनी क्षमता को पहचान कर उसे बाहर लाते हुए अपने सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ें। स्वयं में विकास के लिए प्रतिबद्धता का होना बहुत आवश्यक है। आपके अंदर यह भाव होना चाहिए कि हर प्रतिकूल परिस्थिति में, धारा के विरुद्ध चल कर, पत्थर का सीना चीर कर हमें सफलता की राह पर बढ़ते रहना है। साथ ही अपने लक्ष्य और उद्देश्य का भी निर्धारण करें। मैं जब पढ़ाई करता था तो मैथ में नए-नए प्रयोग करता रहता था। यह मुझे बहुत अच्छा भी लगता था। मेरे सहपाठी भी मुझे मैथ में बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित करते थे। उसी समय मैंने यह सोच लिया की मैथ में ही कुछ ऐसा करना है जो मुझे सफल लोगों की श्रेणी में ला खड़ा करे। इसी लक्ष्य पर मैं आगे बढ़ता गया। अपनी ताकत को पहचान कर उसी पर ज्यादा जोर लगते हुए खुद को विकसित करें तो हर हाल में सफलता मिलेगी। अपनी प्राकृतिक प्रतिभा को पहचान कर उसी पर फोकस करें, अपनी कमजोरियों पर ध्यान नहीं दें। जैसे-जैसे खुद को विकसित करेंगे उसके लिए आपको अध्ययन भी करना होगा। 
पर ध्यान रखें जो अध्ययन करें उसका प्रयोग भी करते रहें। प्रयोग करने से अनुभव मिलने के साथ गलतियों को दूर करने में भी आसानी होती है। आपका विकास हो, प्रतिदिन हो, तेजी से हो इसके लिए वातावरण का अच्छा होना बहुत महत्वपूर्ण है। जैसा आपके आस पास का वातावरण होगा, जैसे लोग होंगे आपके अंदर उसी तरह का विकास होगा। 
अपने आस पास प्रेरणा देने वाले लोगों को रखें, उन्हें सुनें, उनके विचारों को पढ़ें तो आपके अंदर सकारात्मक विकास होगा और सफलता की मंजिल को हासिल कर लेंगे।

1 टिप्पणी:

ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे