सोमवार, 31 अक्टूबर 2022

जेठ की तपती दुपहरी थी

जेठ की तपती दुपहरी थी. लू के थपेड़े चल रहे थे, खाली पड़े खेतों से धूल के बगूले उठ रहे थे और धूप इतनी तेज थी कि छांव को भी छांव चाहिए थी. उसी गरमी में एक आदमी चला आ रहा था. दूर-दूर तक सिर्फ खेत थे और उस पूरे बहियार (लगातार खेतों का इलाका) में सिर्फ एक आम का पेड़ दिख रहा था. मेड़ों पर चलता वह आदमी आया और पेड़ की जड़ में बैठ गया. ऐसा प्रचंड मौसम देखकर भी उसके चेहरे पर एक मुस्कान बसी थी. उसने देखा, पेड़ के ऊपर परिंदों का एक जोड़ा बैठा था. आदमी ने मन ही मन ईश्वर को धन्यवाद दिया और बोला, ऊपरवाला भी कितना मेहरबान है. इतनी दूरी में एक पेड़ नहीं, और दिया भी तो कितनी शीतल छांव वाला. बस एक तालाब अगल बगल होता तो नहा-धोकर थोड़ा पानी पी लेता. और थोड़ा बहुत भोजन मिल जाता, तो बस...जीवन सफल लगता. 
आदमी ने इतना कहा ही था कि उसे लगा कहीं से ठंडा झोंका आ रहा हो. उसकी नजर सामने गई तो देखा तो तालाब का पाल दिख रहा है. वह उठकर गया तो देखा, सामने साफ पानी से भरा पोखर था. नहा-धोकर पानी-वानी पीकर जब वह पेड़ के नीचे सुस्ताने आया तो उसने देखा, पेड़ के नीचे परिदों ने खूब सारे गोपी आम (पेड़ पर पके हुए आम) गिरा रखे हैं. प्रसन्न होकर उस आदमी ने भरपेट आम खाए और दोपहर की मीठी नींद ली और फिर सूरज ढलने पर जगा और गंतव्य को चल पड़ा. 
इस घटना के ठीक अगले दिन, वैसे ही गरमी वाले दिन एक और आदमी आया. पर वह जब आकर बैठा, तो उसके मुंह से निकला, उफ...इतनी गरमी. हवा  की तपिश तो जैसे मांस सिझा देगी. इस जीवन से तो मौत ही अच्छी है. 
उसने पगड़ी खोलकर अंगोछा बिछाया और सो गया. ऐसा सोया कि फिर कभी उठा ही नहीं. उसकी मौत हो गई.
पेड़ पर बैठी चिड़िया ने चिड़े से कहा, प्यारे, यह क्यों मर गया?
चि़ड़े ने कहा, क्योंकि यह आम का पेड़ नहीं, कल्पवृक्ष है, जो मांगो सो मिलता है. 
चिड़िया ने पूछा, तो शक्ति दोनों के लिए थी न. एक मर क्यों गया?
चिड़े ने कहा, यह शक्ति इस कल्पवृक्ष की नहीं है प्यारी. यह तो मन की शक्ति है. जिसने जिस नजरिए से जो देखा, उसको वही मिला. एक ने जीवन देखा, जीवन मांगा, एक ने मौत देखी और मौत मांगी.
(बचपन में गुरुजी ने सुनाया था)


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे