मंगलवार, 21 मार्च 2023

चोट की तबीयत किसे क्या दिखाए,

चोट की तबीयत किसे क्या दिखाए,
ख़ामोश हो तो रहने दो, शोर क्यूँ मचाये |
गुजरते वक्त से अब यादो मे भी जाले पड़ गए,
टूटी दीवारों का दर्द अब क्या सुनाए ||

मैं नादां था जो रेत सहेजने मे लगा था,
मुट्ठी मेरी ही ढीली थी, क्यूँ भला पछताए|
उसने घर के साथ बगीचे की तितली भी बेच दी,
मेमार तो हम भी क़ाबिल थे, बड़ी एहतियात से थे नींव जमाए ||

आवारा ही सही, लतीफो की बस्ती मे मेरा नाम तो हुआ,
कौन भला अब चीखेगा, कौन तुझे दिल से बुलाए |
मैंने सपनों के साथ हँसी भी बेच दी अपनी,
बहा दिए वो लमहात, जो थे साथ बिताए ||

तुमने आईना देखने से खुद परहेज़ किया था,
तुमसे तुम्हारा तार्रुफ़ तासीर का, अब क्या कराए |
ये जो रातों को जल कर बुझ गए है जुगनू,
ये भी कभी किसी शमा से थे दिल को लगाए ||

आलम ये है तुम्हारे नवाजे - ए - तोहफा का,
अब फर्क़ नहीं पड़ता, कोई आए या ना आए |
टूटी रूह से अब दुआ भी परहेज़ करती है,
वो क्या लूटेंगे, जो हो इश्क के सताये ||

चाहता तो मय का साथी भी बन सकता था "अजीत" |
कोई वजह तो रही होगी, यूँ ही नहीं यार हम बैठे हैं कलम उठाए ||




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे