एक युवक कई दिनों से बेरोजगार था। एक-एक रूपए की कीमत जैसे करोड़ों लग रही थी। वो इसी उठापटक में था कि कहीं नौकरी लग जाए। आज उसका एक इंटरव्यू था, पर दूसरे शहर में जाने के लिए उसकी जेब में सिर्फ दस रूपए थे और उसे कम से कम दो सौ रुपयों की जरूरत थी।
अपने इकलौते इंटरव्यू वाले कपड़े रात में धोकर, पड़ोसी की प्रेस मांग के तैयार कर और पहनकर, अपनी योग्यताओं की मोटी फाइल बगल में दबाकर और दो बिस्कुट खाकर निकला वो अपने घर से निकला।
लिफ्ट लेकर और पैदल चलकर जैसे तैसे चिलचिलाती धूप में तरबतर बस इस उम्मीद में स्टैंड पर पहुंचा, कि शायद कोई पहचान वाला मिल जाए, जिससे सहायता लेकर इंटरव्यू के स्थान तक पहुंच सके।
काफी देर खड़े रहने के बाद भी कोई नहीं दिखा। मन में घबराहट और मायूसी थी, क्या करूंगा? अब कैसे पहुंचूंगा? यही सोचता हुआ वो पास के मंदिर पर जा पहुंचा और दर्शन करके सीढ़ियों पर बैठा गया।उसके पास में ही एक फकीर बैठा था। वो मन ही मन में सोचने लगा- उसके कटोरे में मेरी जेब और बैंक एकाउंट से भी ज्यादा पैसे पड़े हैं।
उस युवक की नजरें और हालात समझकर वो फकीर बोला- कुछ मदद चाहिए क्या? युवक बनावटी मुस्कुराहट के साथ बोला- आप क्या मदद करोगे? फकीर मुस्कुराता हुआ बोला- चाहो तो मेरे पूरे पैसे रख लो।
युवक चौंक गया। उसे कैसे पता मेरी जरूरत? फिर उसने कहा- क्यों?फकीर गंभीरता से बोला- शायद तुम्हें जरूरत है। युवक ने उसका पक्ष रखते हुए कहा- हां है तो, पर तुम्हारा क्या, तुम तो दिन भर मांगकर कमाते हो।
वो फकीर हंसता हुआ बोला- मैं नहीं मांगता साहब, लोग डाल जाते हैं मेरे कटोरे में, पुन्य कमाने के लिए। मैं तो भिखारी हूं, मुझे इनका कोई मोह नहीं है। मुझे सिर्फ भूख लगती है, वो भी एक वक्त और कुछ दवाइयां, बस। मैं तो खुद ये सारे पैसे मंदिर की पेटी में डाल देता हूं।
वो कहते-कहते बिल्कुल सहज था।युवक ने हैरानी से पूछा- फिर आप यहां बैठते क्यों हो? जरूरतमंदों की मदद करने। कहते हुए वो फकीर मंद-मंद मुस्कुरा रहा था। युवक उसका मुंह देखता रह गया। उस फकीर ने दो सौ रुपए उसके हाथ पर रख दिए और बोला- जब हो, तब लौटा देना।
युवक उसका शुक्रिया जताता हुआ वहां से अपने गंतव्य तक पहुंचा। उसका इंटरव्यू हुआ और सलेक्शन भी हो गया। वो खुशी-खुशी वापस आया, सोचा, उस फकीर को धन्यवाद दे दूं। वो मंदिर पहुंचा। बाहर सीढ़़ियों पर भीड़ लगी थी। वो घुसकर अंदर पहुंचा। देखा, वही फकीर मरा पड़ा है। वो भौंचक्का रह गया और दूसरों से पूछा- यह कैसे हुआ?
*पता चला, वो किसी बीमारी से परेशान था और सिर्फ दवाईयों पर ही जिंदा था। आज उसके पास दवाइयां नहीं थीं और न ही उन्हें खरीदने के पैसे थे।*
वो युवक अवाक सा उस फकीर को देख रहा था और मन ही मन में कह रहा था- अपनी दवाईयों के पैसे तो वो मुझे दे गया। जिन पैसों पर उसकी जिंदगी का दारोमदार था, उन पैसों से मेरी जिंदगी बना दी
भीड़ में से कोई गाली देता हुआ बोला- अच्छा हुआ मर गया ये। भिखारी भी बोझ होते हैं और कोई काम के नहीं होते हैं। उस युवक की आंखें डबडबा आईं और मन ही मन में कहने लगा- वो भिखारी कहां था? वो तो मेरे लिए भगवान ही था। नेकी का फरिश्ता, मेरा भगवान। हे मेरे परमात्मा, आपको कोटि-कोटि प्रणाम।
*तात्पर्य -:- भगवान कौन हैं?*
*कहां हैं? किसने देखा है ?*
*बस, इसी तरह मिल जाते हैं।*
*हमें हमेशा जरूरतमंद की मदद करने*
*की कोशिश करनी चाहिए। पता नहीं,*
*कब हमें भी इसकी जरूरत पड़ जाए।*
❀((हरि ॐ))❀
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ईश्वर सभी को खुशहाल रखे बस यहीं कामना है सभी लोग खुश रहे